गौरैया का घोंसला
गर्मी शुरू हो गई थी। पापा ने कहा, "आज बरामदे का पंखा साफ़ करके चला देते हैं।"
गुड्डी स्टूल पकड़कर खड़ी थी। पापा ऊपर चढ़े, और रुक गए।
"अरे! यहाँ तो कोई रहने आ गया है।"
पंखे के ऊपर वाली कटोरी में तिनकों, धागों और रुई का एक छोटा-सा घोंसला था। उसमें तीन नन्हे अंडे थे, कंचे जितने।
तभी "चीं-चीं" करती एक गौरैया रेलिंग पर आ बैठी। वह घबराई हुई थी। कभी इधर फुदकती, कभी उधर।
"पापा, अब पंखा कैसे चलेगा?" गुड्डी ने पूछा।
पापा नीचे उतर आए। "नहीं चलेगा," उन्होंने कहा। "जब तक बच्चे उड़ नहीं जाते।"
"पर गर्मी?"
"हम अंदर वाले कमरे में बैठ लेंगे। इसका तो यही एक घर है।"
पापा ने पंखे के बटन पर टेप चिपका दी, ताकि कोई ग़लती से न दबा दे। गुड्डी ने उस पर लिखा: "कृपया न चलाएँ। अंदर बच्चे सो रहे हैं।"
रोज़ सुबह गुड्डी रेलिंग पर एक कटोरी पानी और बाजरे के दाने रखती। कुछ दिन बाद घोंसले से पतली-पतली आवाज़ें आने लगीं। फिर तीन नन्ही चोंचें दिखीं।
एक सुबह घोंसला ख़ाली था। रेलिंग पर चार गौरैया बैठी थीं। तीन छोटी, एक बड़ी।
उस दिन पंखा चला। पर गुड्डी ने पानी की कटोरी नहीं हटाई।
अगली गर्मी में वे फिर आईं।
बच्चे से बात कीजिए
- पापा ने पंखा क्यों नहीं चलाया?
- गुड्डी ने गौरैया के लिए क्या-क्या किया?
- तुम अपने घर के आसपास के पक्षियों के लिए क्या कर सकते हो?